
जोस मुजीका उरुग्वे के राष्ट्रपति हैं लेकिन उन्हें देखकर किसी को भी ये विश्वास नहीं होता. वजह साफ़ है वो एक गरीब किसान की तरह अपना जीवन जीते हैं.
एक फार्म हाउस में तीन टांग के अपने कुत्ते की रखवाली के भरोसे मुजीका अपना जीवन गुज़ार रहे हैं जो किसी भी राष्ट्रप्रमुख के लिए लगभग असंभव है.
एक पंक्ति में कहें तो, उनकी जीवन शैली कुछ इस प्रकार है, एक जीर्ण-शीर्ण फार्म हाउस में वो निहायत कम सुविधाओं के साथ रहते हैं, जहां कुएं से पानी भरा जाता है और कपड़े भी बाहर खुले में ले जाते हैं.
मुजीका राष्ट्रपति हैं लिहाज़ा सुरक्षा के नाम पर उन्हें दो पुलिस अधिकारी मिले हैं और निजी स्तर पर वो मनुएला नाम का एक कुत्ता अपने साथ रखते हैं.
ऐसा नहीं है कि उरुग्वे में राष्ट्रपति को सुविधाओं के नाम पर कुछ दिया नहीं जाता बल्कि, जोस खुद अपनी मर्जी से इस तरह से रहते हैं.
उन्होंने, उरुग्वे की तरफ से दिए गए आलीशान घर को नकार कर अपनी पत्नी के छोटे से फार्म हाउस में रहना पसंद किया जो राजधानी मोनतेविडियो के पास है.
जोस अपनी पत्नी के साथ इस फार्म हाउस में रहते हैं और फूलों की खेती भी करते हैं.
वो कहते हैं, “मुमकिन है मैं पागल और सनकी दिखता हूं लेकिन ये तो अपने-अपने ख्याल हैं.”
जोस जो बोलते हैं उसे हूबहू अपनाने में विश्वास रखते हैं.
जोस, अपनी तनख्वाह का 90 फीसद दान कर देते हैं जो तकरीबन 12 हजार डॉलर के आस-पास है.
अपने वेतन से 775 डॉलर वो उरुग्वे के गरीब और छोटे उद्दमियों को दान कर देते हैं.
फार्म हाउस में पुरानी सी कुर्सी पर बैठे जोस कहते हैं, “मेरे पास जो भी है मैं उसमें जीवन गुजार सकता हूं.”
जोस 'क्यूबा क्रांति' से निकले हुए नेता हैं और 2009 में उरुग्वे के राष्ट्रपति चुने गए.

